Summer exspress,शिमला: राजधानी में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शिमला पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस की स्पेशल सेल टीम ने आईएसबीटी टूटीकंडी में कार्रवाई करते हुए इस साल की अब तक की सबसे बड़ी चिट्टे (हेरोइन) की खेप बरामद की है।पुलिस ने एक व्यक्ति से 288 ग्राम चिट्टा जब्त किया है, जिसकी बाजार कीमत लगभग 10 से 15 लाख रुपये आंकी जा रही है। आरोपी की पहचान शमशाद अहमद (42 वर्ष), निवासी अंबाला, हरियाणा के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार पुलिस टीम मादक पदार्थों की रोकथाम के लिए क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक संदिग्ध व्यक्ति आईएसबीटी के प्रथम तल पर कैरी बैग में भारी मात्रा में चिट्टा लेकर घूम रहा है और इसे स्थानीय युवाओं को बेचने की फिराक में है। सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बताए गए हुलिये के आधार पर व्यक्ति को पकड़ा।पूछताछ के बाद गवाहों की मौजूदगी में जब उसके बैग की तलाशी ली गई तो उसमें से 288 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इसके बाद आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस संबंध में गौरव सिंह ने बताया कि मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आरोपी का नेटवर्क किन-किन लोगों से जुड़ा हुआ है।