Summer express,प्रतापगढ़ | उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में खेल-खेल में हुई एक लापरवाही ने परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं। रानीगंज थाना क्षेत्र के दुर्गागंज जयरामपुर गांव में लुका-छिपी खेलते समय दो वर्षीय मासूम बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, शाकिर राइन के घर में बच्चे रोज की तरह खेल रहे थे। इसी दौरान उनकी दो वर्षीय बेटी भी अन्य बच्चों के साथ लुका-छिपी खेल रही थी। खेल के दौरान वह अचानक सभी की नजरों से ओझल हो गई। काफी देर तक जब बच्ची का कोई पता नहीं चला, तो परिजनों की चिंता बढ़ गई और उन्होंने उसकी तलाश शुरू कर दी।
परिजनों और ग्रामीणों ने घर के हर कोने के साथ-साथ आसपास के इलाके, बाग-बगीचों और गलियों में भी बच्ची को ढूंढा। अपहरण की आशंका के चलते घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इस दौरान पूरे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घंटों की तलाश के बाद जब परिजन वापस घर लौटे, तो कमरे में रखे दीवान (बेड) पर उनकी नजर गई। जब बेड का बॉक्स खोला गया, तो अंदर बच्ची अचेत अवस्था में पड़ी मिली। यह दृश्य देखकर परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
मिली जानकारी के अनुसार, बेड के ऊपर भारी गद्दे और अन्य सामान रखे होने के कारण बॉक्स पूरी तरह बंद हो गया था और अंदर हवा की कमी हो गई थी। आशंका जताई जा रही है कि बच्ची छिपने के लिए खुद बॉक्स में गई थी, लेकिन भारी ढक्कन के कारण बाहर नहीं निकल सकी और दम घुटने से उसकी मौत हो गई।
परिजन तुरंत बच्ची को रानीगंज ट्रामा सेंटर लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस दुखद घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक का माहौल है।