Summer Express, अंबाला । शहजादपुर–अंबाला रोड पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में एंबुलेंस और कॉलेज बस की जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में एंबुलेंस चालक सहित दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बस में सवार छात्रों को मामूली चोटें आईं।
जानकारी के अनुसार, शहजादपुर निवासी 30 वर्षीय लक्ष्य अपने बीमार पिता जगदीश को अंबाला शहर के जिला नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाने के बाद साईं सेवा समिति, नारायणगढ़ की एंबुलेंस से वापस लौट रहा था। एंबुलेंस को 42 वर्षीय बलविंद्र सिंह चला रहा था, जो गांव डहर का रहने वाला था।
जैसे ही एंबुलेंस धनाना बस स्टैंड के पास पहुंची, सामने से आ रही स्वामी देवी दयाल कॉलेज की बस से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। बस में करीब 15 से 20 छात्र सवार थे, जो अंबाला शहर की ओर जा रहे थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि एंबुलेंस पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और चालक बलविंद्र सिंह व लक्ष्य की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम और थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को शहजादपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
अच्छी बात यह रही कि कॉलेज बस में सवार छात्रों को कोई गंभीर चोट नहीं आई, हालांकि दो छात्रों को हल्की चोटें लगी हैं। हादसे के बाद पुलिस ने बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।