Summer express, रोहतक। रोडवेज चालक यशपाल और परिचालक सुरेंद्र के साथ मारपीट के मामले को लेकर बुधवार को रोहतक बस स्टैंड पर रोडवेज कर्मचारियों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन करते हुए चक्का जाम कर दिया। प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने बस स्टैंड के दोनों गेट बंद कर दिए, जिससे 50 से अधिक बसों का संचालन ठप हो गया। इसके चलते यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा और बस स्टैंड के बाहर यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हुई।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार को एक पुलिस कर्मचारी की गाड़ी और रोडवेज बस के बीच टक्कर हो गई थी, जिसके बाद विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इसी विवाद के दौरान पुलिस कर्मियों ने रोडवेज के चालक और परिचालक के साथ मारपीट की। बाद में इस मामले में एफआईआर भी दर्ज की गई।
प्रदर्शनकारी कर्मचारियों का कहना है कि बुधवार सुबह पुलिस ने दोनों रोडवेज कर्मचारियों को अदालत में भी पेश कर दिया, जबकि इस पूरे मामले में रोडवेज अधिकारियों या यूनियन से किसी प्रकार की बातचीत नहीं की गई। इसी को लेकर कर्मचारियों में नाराजगी और रोष देखने को मिला।
रोडवेज कर्मियों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने एकतरफा कार्रवाई की है और निष्पक्ष जांच नहीं की जा रही है। इसी के विरोध में कर्मचारियों ने बस संचालन रोककर धरना प्रदर्शन किया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
कर्मचारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जब तक मामले में निष्पक्ष कार्रवाई नहीं की जाती और दोषियों के खिलाफ उचित कदम नहीं उठाए जाते, तब तक बसों का संचालन बहाल नहीं किया जाएगा।