Summer express, जालंधर। शहर की रेलवे कॉलोनी के पास स्थित अकाउंट्स ऑफिस के बाहर बुधवार को एक सड़क दुर्घटना के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। तेज रफ्तार कार ने एक ऑटो-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।
हादसे के बाद मौके पर उस समय विवाद बढ़ गया जब कार चालक ने खुद को पूर्व डीएसपी बताते हुए रौब दिखाना शुरू कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चालक नशे की हालत में था और उसने ऑटो-रिक्शा चालक के साथ मारपीट भी की।
इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो ऑटो चालक ने अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया, जिसमें आरोपी चालक को ठीक से बोलने में भी कठिनाई होती दिख रही है। बताया जा रहा है कि बाद में उसने अपने बेटे को मौके पर बुलाया। बेटे के पहुंचने के बाद उसने लोगों को शांत कराया, जिसके बाद स्थिति कुछ सामान्य हुई।
घटना की सूचना मिलने पर बारादरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी चालक को हिरासत में लेकर मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेजा। पुलिस का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।