Summer Express ,कुरुक्षेत्र | हरियाणा के कुरुक्षेत्र स्थित नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (NIT) के हॉस्टल में एक छात्र द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। यह घटना संस्थान के हॉस्टल नंबर-8 के कमरा नंबर 352 में आधी रात के समय हुई, जहां करीब 22 वर्षीय छात्र ने पंखे से फंदा लगाकर जान दे दी।
मृतक की पहचान प्रियांशु के रूप में हुई है, जो सिविल इंजीनियरिंग का छात्र था। इस घटना के बाद एनआईटी प्रशासन में हड़कंप मच गया है। छात्र ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया, फिलहाल इसका कोई स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। संस्थान के अधिकारी भी इस मामले में कुछ कहने से बच रहे हैं।
चौंकाने वाली बात यह है कि इससे पहले 2 अप्रैल को भी इसी हॉस्टल में एक अन्य छात्र ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी। मृतक छात्र पवन कुमार, जिला नूंह का निवासी था। पहले मामले की जांच अभी पूरी भी नहीं हुई थी कि दूसरी घटना ने संस्थान की सुरक्षा और छात्र मानसिक स्वास्थ्य पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए लोकनायक जयप्रकाश अस्पताल की मोर्चरी में भिजवाया। मृतक के परिजनों को भी सूचित कर दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। प्राथमिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन असल वजह का पता जांच के बाद ही चल पाएगा। बताया जा रहा है कि मृतक छात्र सिरसा जिले के शेरपुरा गांव का रहने वाला था और बीटेक की पढ़ाई कर रहा था। फिलहाल पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।