Summer express,नूंह । हरियाणा के नूंह जिले के खेड़ली कलां गांव में सार्वजनिक वितरण प्रणाली तहत राशन वितरण में अनियमितताओं के गंभीर आरोप सामने आए हैं। गांव के कई लाभार्थियों ने डिपो होल्डर और उसके सहयोगियों पर गरीबों के हक का राशन हड़पने का आरोप लगाया है।
ग्रामीणों का कहना है कि पिछले चार से पांच महीनों से पीओएस मशीन पर अंगूठा लगवाने के बावजूद उन्हें राशन नहीं दिया जा रहा है। पीड़ित कार्डधारक तौफीक सहित अन्य ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि डिपो होल्डर उमर और उसका सहयोगी कासम उन्हें लगातार गुमराह कर रहे हैं और राशन वितरण के नाम पर केवल औपचारिकता निभाई जा रही है।
ग्रामीणों के अनुसार, सिस्टम में वितरण दिखाने के लिए अंगूठा तो लिया जाता है, लेकिन वास्तविक अनाज नहीं दिया जाता, जिससे कई महीनों का राशन प्रभावित परिवारों तक नहीं पहुंच पा रहा है।
स्थानीय लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि इस मामले की शिकायत कई बार सीएम विंडो और संबंधित विभाग को दी गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने यह भी दावा किया कि पहले डिपो की सप्लाई निलंबित की गई थी, लेकिन बाद में कथित तौर पर लेन-देन के बाद इसे फिर से बहाल कर दिया गया।
करीब 60 से 70 परिवार इस कथित अनियमितता से प्रभावित बताए जा रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई और बकाया राशन नहीं मिला, तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
वहीं, खाद्य आपूर्ति विभाग के अधिकारी उमर ने सभी आरोपों को निराधार बताते हुए कहा है कि संबंधित डिपो की सप्लाई फरवरी माह से बंद है और गांव में राशन वितरण व्यवस्था सामान्य रूप से चल रही है।