Summer Express, कांगड़ा | हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के दरीणी (डिब्बा) इलाके में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां एक मारुति कार अचानक अनियंत्रित होकर करीब 300 फीट गहरी खाई में जा गिरी, जिसमें सवार छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब कार दरीणी के पास ‘डिब्बा’ क्षेत्र से गुजर रही थी। इसी दौरान चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया और कार सड़क से फिसलकर गहरी खाई में जा गिरी। जोरदार आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत व बचाव कार्य शुरू किया।
हादसे में घायल सभी छह लोग शाहपुर तहसील के भनाला गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं। घायलों की पहचान मोहित राणा, दया, दीपक, रोहित, अनुज और ऋषभ के रूप में हुई है। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
गंभीर रूप से घायल दया को प्राथमिक उपचार के बाद डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज टांडा रेफर किया गया है, जबकि अन्य पांच घायलों का इलाज सिविल अस्पताल शाहपुर में चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वीर बहादुर सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच के आधार पर चालक अनुज कुमार के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। हादसे के कारणों की विस्तृत जांच जारी है।