Summer Express, पलवल | पलवल में पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टीम ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 50 लाख रुपये की अंग्रेजी शराब बरामद की है। यह शराब सीमेंट के पत्थरनुमा ब्लॉकों के पीछे छिपाकर ट्रक के जरिए बिहार ले जाई जा रही थी। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर चालक और परिचालक को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। टीम को सूचना मिली थी कि एक 12 टायर ट्रक में सीमेंट ब्लॉकों की आड़ में भारी मात्रा में शराब छिपाकर राष्ट्रीय राजमार्ग-19 के रास्ते बिहार भेजी जा रही है। सूचना के आधार पर केएमपी मार्ग पर गांव औरंगाबाद-मित्रोल के पास नाकाबंदी कर वाहन की जांच की गई।
जांच के दौरान यूपी नंबर के संदिग्ध ट्रक को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें सीमेंट की ईंटों के पीछे शराब की बड़ी खेप छिपी मिली। मौके पर आबकारी विभाग को भी बुलाया गया, जिसके बाद संयुक्त जांच में विभिन्न ब्रांड की कुल 610 पेटियां बरामद की गईं। अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि यह खेप सोनीपत से गोरखपुर होते हुए बिहार ले जाई जा रही थी। पुलिस ने ट्रक चालक राजीव सहानी, निवासी मुजफ्फरपुर (बिहार), और उसके साथी परिचालक को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों के खिलाफ मुंडकटी थाना में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधीक्षक ने कहा है कि जिले में अवैध शराब तस्करी किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने आम जनता से भी अपील की है कि अवैध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें, सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।