Summer express, रेवाड़ी | रेवाड़ी में दिल्ली रोड स्थित श्री गणेश एग्रो कंपनी परिसर में बुधवार को एक युवक का खून से लथपथ शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव कमरे के अंदर फर्श पर पड़ा मिला, जिसकी हालत बेहद गंभीर थी।
मृतक की पहचान राजस्थान के कोटपुतली क्षेत्र के चेचीपुरा निवासी 35 वर्षीय सुंदर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह कुछ दिन पहले ही काम के सिलसिले में रेवाड़ी आया था और कंपनी परिसर के एक कमरे में रह रहा था।
सूचना मिलते ही पुलिस उपाधीक्षक सुरेंद्र श्योराण के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची। कंट्रोल रूम से सूचना मिलने के बाद पुलिस ने कमरे की जांच की और शव को कब्जे में लिया।
प्रारंभिक जांच में मृतक के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान और पेट के हिस्से में गहरे जख्म पाए गए हैं। घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लैब की टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने साक्ष्य एकत्र किए।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं से जांच कर रही है।
अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, सीसीटीवी फुटेज और आसपास के लोगों से पूछताछ के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस हर पहलू से जांच में जुटी है।