Summer express, फतेहाबाद|हरियाणा के फतेहाबाद जिले के टोहाना स्थित डांगरा रोड पर एक रसोई गैस एजेंसी पर देर रात CM फ्लाइंग और खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की संयुक्त टीम ने छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान स्टॉक और रिकॉर्ड में गंभीर अनियमितताएं सामने आने के बाद एजेंसी को मौके पर ही सील कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई गैस सिलेंडर वितरण में लापरवाही और अनियमितताओं को लेकर लगातार मिल रही शिकायतों के आधार पर की गई। टीम ने निरीक्षण के बाद संबंधित दस्तावेजों की जांच की, लेकिन एजेंसी का स्टाफ जरूरी रिकॉर्ड प्रस्तुत नहीं कर सका।
छापेमारी के दौरान गोदाम में 516 खाली सिलेंडर, 17 भरे हुए सिलेंडर, 343 छोटे सिलेंडर और 51 कमर्शियल सिलेंडर पाए गए। इन सभी स्टॉक में गड़बड़ी की आशंका जताई गई है।
फूड सप्लाई विभाग के अधिकारी के अनुसार, एजेंसी का संचालन माया देवी के नाम से किया जा रहा है, जबकि मौके पर हवासिंह नामक व्यक्ति मौजूद थे। अधिकारियों ने बताया कि दस्तावेजों में अनियमितता पाए जाने के बाद तत्काल प्रभाव से एजेंसी को सील कर दिया गया।
यह एजेंसी पहले भी विवादों में रही है। कुछ समय पहले स्थानीय निवासी सतपाल ने प्रधानमंत्री कार्यालय और मुख्यमंत्री कार्यालय को शिकायत भेजकर शहर की दो गैस एजेंसियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि एजेंसी संचालक जानबूझकर सरकार की छवि खराब कर रहे हैं।
विभागीय अधिकारियों ने बताया कि पूरी जांच रिपोर्ट तैयार कर जिला खाद्य एवं आपूर्ति विभाग को भेज दी गई है। आगे की कार्रवाई रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।