Summer express, मथुरा | उत्तर प्रदेश के मथुरा में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 55 वर्षीय किसान की जान चली गई। नेशनल हाईवे पर महुअन टोल टैक्स के पास हरियाणा रोडवेज की बस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे किसान नीचे गिर गया और ट्रॉली के पहिए के नीचे आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान भंवर सिंह निवासी बेरी के रूप में हुई है, जो अपने परिवार के साथ मखदूम रोड, फरह में रहते थे। वह अपने गांव बेरी स्थित खेत से गेहूं की फसल कटवाकर ट्रैक्टर-ट्रॉली में भरकर घर लौट रहे थे।
जानकारी के अनुसार, जब वह महुअन टोल टैक्स के पास पहुंचे और घर की ओर जाने के लिए यू-टर्न ले रहे थे, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रही हरियाणा रोडवेज बस ने उनके ट्रैक्टर में टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही ट्रॉली में रखे गेहूं के कट्टों पर बैठे भंवर सिंह संतुलन खोकर नीचे गिर पड़े और उसी दौरान ट्रॉली का पहिया उनके ऊपर से गुजर गया। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस बस चालक की भूमिका और हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही है।