Summer express, कैथल | हरियाणा के कैथल में एंटी नारकोटिक्स सेल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ट्रक से 360 किलोग्राम डोडापोस्त बरामद किया है। तस्कर ने नशीले पदार्थ को छिपाने के लिए उसे “सैनिक के सामान” और घरेलू सामान की आड़ में ले जाने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने साजिश का पर्दाफाश कर दिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान पंजाब के गुरदासपुर जिले के नाहरपुर गांव निवासी हरविंद्र सिंह के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह ट्रक में घरेलू सामान लोड कर तमिलनाडु से जम्मू की ओर जा रहा था, और रास्ते में मध्य प्रदेश से यह नशीला पदार्थ खरीदा गया था।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पूछताछ में खुद को ट्रक चालक बताते हुए दावा किया कि वाहन में एक “फौजी का सामान” रखा हुआ है, लेकिन तलाशी के दौरान यह बात झूठी निकली। ट्रक में रखे गए सामान के नीचे भारी मात्रा में डोडापोस्त छिपाया गया था। बरामद नशीले पदार्थ की बाजार कीमत करीब 35 लाख रुपये आंकी गई है।
एंटी नारकोटिक्स सेल को सूचना मिली थी कि पंजाब नंबर का एक ट्रक राधा स्वामी सत्संग भवन, कलायत के पास संदिग्ध रूप से खड़ा है और उसमें बड़ी मात्रा में नशीला पदार्थ मौजूद है। सूचना के आधार पर टीम ने मौके पर दबिश दी और ट्रक की तलाशी ली, जिसमें 18 कट्टों में डोडापोस्त बरामद हुआ। प्रत्येक कट्टे का वजन करीब 20 किलोग्राम पाया गया।
पूरे मामले में कुल 360 किलोग्राम डोडापोस्त जब्त किया गया है। पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया और उसके खिलाफ कलायत थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।