Summer express, फरीदाबाद | हरियाणा के फरीदाबाद से जमीन धोखाधड़ी का एक बड़ा मामला सामने आया है, जिसमें सराय ख्वाजा थाना पुलिस ने आम आदमी पार्टी के व्यापार मंडल अध्यक्ष अमन गोयल को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर जमीन हड़पने की कोशिश और फर्जी दस्तावेज तैयार करने के गंभीर आरोप लगे हैं। पुलिस आज उसे अदालत में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी में है।
पुलिस के अनुसार, यह पूरा मामला सेक्टर-35 स्थित प्लॉट नंबर 71 से जुड़ा है, जिस पर लंबे समय से स्वामित्व को लेकर विवाद चल रहा था। दिल्ली निवासी माला शर्मा ने यह प्लॉट विधिवत खरीदा था। हालांकि, बाद में उसी जमीन को मूल मालिक ने दोबारा अमन गोयल के नाम कर दिया। इस बीच प्लॉट के मालिक का निधन हो गया, जिससे विवाद और गहरा गया।
जांच में सामने आया कि माला शर्मा के पास प्लॉट की मूल रजिस्ट्री मौजूद थी, जबकि अमन गोयल के पास केवल उसकी प्रमाणित प्रति थी। इसके बावजूद उसने जमीन पर कब्जा करने की कोशिश की। माला शर्मा ने इस मामले को अदालत में चुनौती दी, जहां सेशन कोर्ट, हाईकोर्ट और अंततः सुप्रीम कोर्ट तक सभी स्तरों पर फैसला उनके पक्ष में आया।
पुलिस का कहना है कि जमीन पर कब्जा करने के इरादे से अमन गोयल ने करीब दो महीने पहले अपने एक सहयोगी जितेंद्र पाराशर के नाम से बैकडेटेड फर्जी एग्रीमेंट तैयार कराया। जांच में पाया गया कि यह दस्तावेज वर्ष 2024 में बनाया गया था, लेकिन उस पर 2023 की तारीख दर्शाई गई थी, जो स्पष्ट रूप से जालसाजी का मामला है।
थाना प्रभारी के मुताबिक, पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। अब पुलिस रिमांड के दौरान उससे पूछताछ कर इस मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका का भी खुलासा करेगी।