Summer express, शिमला | हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ‘जीरो टॉलरेंस’ अभियान के तहत पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। जुब्बल क्षेत्र में की गई छापेमारी के दौरान पुलिस ने हेरोइन (चिट्टा) की खेप बरामद कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि जुब्बल कैंची के पास एक रिहायशी मकान में अवैध रूप से नशे का कारोबार चल रहा है। इस इनपुट के आधार पर रोहड़ू पुलिस की डिटेक्शन सेल ने योजनाबद्ध तरीके से छापा मारा। तलाशी के दौरान मौके पर मौजूद तीन लोगों के पास से 20 ग्राम से अधिक हेरोइन बरामद की गई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विनय वर्मा (40) निवासी जुब्बल, पंकज (25) निवासी गांव बढ़ावली, जुब्बल और पूजा (31) निवासी गांव नकसेटली, कोटखाई के रूप में हुई है। पुलिस ने सभी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
पुलिस अधीक्षक ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि बरामद नशीले पदार्थों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। साथ ही इस अवैध कारोबार से जुड़े पूरे नेटवर्क की तह तक पहुंचने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि यह नशा कहां से लाया गया और इसमें किन-किन लोगों की संलिप्तता है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में नशे के खिलाफ अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।