Summer express, कांगड़ा, संजीव | आजकल हृदय रोग सिर्फ बुजुर्गों तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि हर आयु वर्ग के लोग इसकी चपेट में आ रहे हैं। इस गंभीर विषय पर हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. आदित्य महाजन ने विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि तेजी से बदलती जीवनशैली, बढ़ता तनाव, अनियमित खान-पान और शारीरिक गतिविधियों की कमी इसके मुख्य कारण हैं।
डॉ. महाजन के अनुसार, धूम्रपान और अत्यधिक शराब का सेवन दिल के लिए बेहद हानिकारक है। इसके अलावा तले-भुने और जंक फूड का अधिक सेवन भी हृदय रोग के खतरे को बढ़ाता है। उन्होंने कहा कि लोग अक्सर शुरुआती लक्षणों को नजरअंदाज कर देते हैं, जिससे स्थिति गंभीर हो सकती है।यदि किसी व्यक्ति को सीने में दर्द, सांस लेने में तकलीफ, घबराहट, ज्यादा पसीना आना या अचानक अत्यधिक थकान महसूस हो, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए। समय पर जांच और सही इलाज से बड़ी समस्या से बचा जा सकता है।
हृदय को स्वस्थ रखने के लिए रोजाना कम से कम 30 मिनट व्यायाम करना जरूरी है। साथ ही संतुलित और पौष्टिक आहार लेना, तनाव को नियंत्रित रखना, पर्याप्त नींद लेना और नियमित स्वास्थ्य जांच करवाना भी बेहद आवश्यक है। सही जीवनशैली अपनाकर हृदय रोग के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है।