Summer express/चम्बा, मंजूर पठान -:चम्बा जिले के तीन नगर निकायों में चुनाव करवाने की प्रक्रिया अब तेज हो गई है। इनमें चम्बा और डलहौज़ी की नगर परिषदें तथा चुवाड़ी नगर पंचायत शामिल हैं। नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया आज से शुरू हो गई है, जो 2 मई तक जारी रहेगी। इसके बाद 4 मई को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी, जबकि 6 मई को उम्मीदवारों की अंतिम सूची प्रकाशित की जाएगी।मतदान 17 मई को सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक होगा। मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद मतगणना कर परिणाम घोषित किए जाएंगे। प्रशासन द्वारा उपमंडल स्तर पर सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं ताकि चुनाव शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न हो सके।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने जानकारी दी कि चुनाव ड्यूटी में तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को ईवीएम सहित सभी आवश्यक प्रशिक्षण दे दिया गया है। उन्होंने कहा कि जिले में आदर्श आचार संहिता का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जा रहा है।मतदाताओं की संख्या पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने बताया कि चम्बा नगर परिषद में 16 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां 14,811 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। वहीं चुवाड़ी नगर पंचायत में 7 पोलिंग बूथ स्थापित किए गए हैं, जहां लगभग 3,000 मतदाता मतदान करेंगे। डलहौज़ी नगर परिषद में 9 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें करीब 3,000 मतदाता शामिल हैं।अंतिम संशोधन के बाद 244 नए मतदाता सूची में जोड़े गए हैं। उपायुक्त ने सभी मतदाताओं से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भाग लेने और स्वच्छ छवि वाले उम्मीदवारों का चयन करने की अपील की है।