Summer express, फतेहाबाद | फतेहाबाद के बीघड़ रोड पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे सब्जी खरीद रही मां-बेटी को टक्कर मार दी। इस हादसे में 86 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि उनकी बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना पायनियर स्कूल के पास हुई, जहां बनगांव निवासी शांति देवी अपनी बेटी कांता देवी के साथ सब्जी ले रही थीं। इसी दौरान तेज गति से आई कार ने दोनों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों उछलकर सड़क पर जा गिरीं और पास खड़ी सब्जी की रेहड़ी भी क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत दोनों को सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने शांति देवी को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल कांता देवी को प्राथमिक उपचार के बाद अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, लेकिन परिजन उसे एक निजी अस्पताल में ले गए, जहां उसका इलाज जारी है।
परिजनों ने इस घटना को संदिग्ध बताते हुए पुरानी रंजिश की आशंका जताई है। मृतका के पोते ने आरोप लगाया कि यह केवल हादसा नहीं, बल्कि जानबूझकर की गई टक्कर भी हो सकती है।
पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपी चालक की तलाश की जा रही है। परिवार ने चेतावनी दी है कि जल्द गिरफ्तारी न होने पर वे प्रदर्शन करेंगे।