Summer express /हमीरपुर,अरविंद -:हमीरपुर में कांग्रेस संगठन को मजबूत करने के लिए नई रणनीति पर काम तेज हो गया है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुमन भारती ने स्पष्ट किया है कि वरिष्ठ नेता राहुल गांधी की ऊर्जा और मार्गदर्शन से पार्टी कार्यकर्ताओं में नया उत्साह आया है और अब इस ऊर्जा को जमीनी स्तर तक ले जाने की तैयारी की जा रही है।
हमीरपुर के विश्राम गृह में आयोजित बैठक में सुमन भारती ने जिले के पांचों नवनियुक्त ब्लॉक अध्यक्षों से मुलाकात की और उन्हें सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने धर्मशाला में आयोजित 10 दिवसीय कांग्रेस कार्यशाला की विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि इस कार्यशाला में पार्टी के नेताओं और पदाधिकारियों को संगठन को मजबूत बनाने के लिए विशेष प्रशिक्षण दिया गया।सुमन भारती ने कहा कि कार्यशाला के दौरान राहुल गांधी ने संगठन को सशक्त बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए, जिनका असर अब प्रदेश स्तर पर साफ दिखाई दे रहा है। उन्होंने बताया कि इन निर्देशों को अब हमीरपुर जिला के सभी ब्लॉकों में लागू किया जाएगा, ताकि पार्टी की पकड़ और मजबूत हो सके।उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस पार्टी अब गांव-गांव तक पहुंच बनाने के लिए विशेष अभियान चलाएगी। इसके तहत “एक गांव, एक रात” कार्यक्रम की शुरुआत की जाएगी। इस कार्यक्रम में स्वयं सुमन भारती गांवों में जाकर रात बिताएंगे और स्थानीय लोगों से सीधा संवाद करेंगे। इस दौरान ग्रामीणों को कांग्रेस पार्टी की नीतियों और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।
सुमन भारती का मानना है कि संगठन की असली ताकत गांवों में ही है, इसलिए ग्रामीण स्तर पर सक्रियता बढ़ाना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि पार्टी हर घर तक अपनी पहुंच बनाने का लक्ष्य लेकर काम करेगी और इसके लिए कार्यकर्ताओं को भी सक्रिय भूमिका निभानी होगी।इसके साथ ही उन्होंने बताया कि जिला स्तर पर कांग्रेस कार्यकारिणी का जल्द विस्तार किया जाएगा, ताकि संगठनात्मक ढांचे को और मजबूत किया जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि नगर परिषद और नगर पंचायत चुनावों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा भी जल्द की जाएगी। हालांकि ये चुनाव पार्टी चिन्ह पर नहीं हो रहे हैं, लेकिन कांग्रेस विचारधारा से जुड़े उम्मीदवारों को प्राथमिकता दी जाएगी।सुमन भारती ने जोर देते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी हर निर्णय लोगों को साथ लेकर ही करेगी, ताकि जमीनी स्तर पर विश्वास और समर्थन दोनों मजबूत हो सकें। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।