Summer express, सिरसा। हुड्डा सेक्टर-19 में दहशत फैलाने और फायरिंग की घटना के बाद सिविल लाइन थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए स्कॉर्पियो सवार चार युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 9 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं, जबकि मौके से 2 खाली कारतूस भी मिले हैं।
पुलिस के अनुसार, घटना सेक्टर-19 स्थित एक करियाणा स्टोर के पास हुई, जहां कुछ युवक आपसी रंजिश के चलते झगड़ा कर रहे थे और अवैध हथियारों के इस्तेमाल की आशंका थी। सूचना मिलते ही एसपी दीपक सहारन के निर्देश पर विशेष टीम गठित कर मौके पर कार्रवाई की गई।
जांच के दौरान पुलिस को मौके पर खड़ी काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी में चार युवक संदिग्ध अवस्था में मिले। तलाशी लेने पर चालक सुनील कुमार (सिरसा) से 3 कारतूस, अंकुश (गांव अलीकां) से 2 कारतूस और हर्षदीप सिंह व अर्श (दोनों निवासी गांव मंगाला) से 2-2 कारतूस बरामद किए गए।
गाड़ी के शीशों पर फायरिंग के निशान भी मिले, जिससे घटना की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि बकरियांवाली निवासी एक युवक से पुरानी रंजिश के चलते यह विवाद हुआ था।
पुलिस ने चारों आरोपियों के अलावा 15-20 अन्य लोगों के खिलाफ भी सार्वजनिक स्थान पर अवैध हथियारों के साथ दंगा करने का मामला दर्ज किया है। घटना में इस्तेमाल स्कॉर्पियो वाहन को जब्त कर लिया गया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और इस घटना में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।