Summer express, करनाल | राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर तरावड़ी के पास स्थित चौधरी पेट्रोल पंप पर शनिवार सुबह लूट के प्रयास का मामला सामने आया। बाइक सवार बदमाश ने पेट्रोल भरवाने के बाद सेल्समैन पर पिस्टल तानकर नकदी मांगनी शुरू कर दी, लेकिन कर्मचारी की सतर्कता और साहस के चलते वारदात टल गई।
जानकारी के अनुसार, बिना नंबर प्लेट की काली बाइक पर सवार एक युवक पेट्रोल पंप पर पहुंचा और सेल्समैन सुरेश कुमार से 100 रुपये का पेट्रोल भरवाया। भुगतान करने के बाद जब सुरेश कुमार अंदर जाने लगे, तभी आरोपी उनके पीछे गया और उन पर पिस्टल तान दी।
सेल्समैन ने बताया कि बदमाश ने कैश देने को कहा, लेकिन उन्होंने घबराने के बजाय तुरंत पिस्टल को हाथ से परे करते हुए शोर मचा दिया। इस दौरान हथियार से एक गोली चल गई, जो हवा में निकल गई। गोली की आवाज सुनकर दूसरा कर्मचारी नरेश कुमार भी बाहर आ गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
स्थिति बिगड़ती देख आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मौके से कारतूस का खोल बरामद किया गया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
तरावड़ी थाना प्रभारी राजपाल ने बताया कि आरोपी की पहचान के प्रयास जारी हैं और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।