Summer express, अंकुर कपूर ,चंडीगढ़ I हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने दावा किया है कि आगामी पंजाब विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी भारी बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि पार्टी विकास, सुरक्षा, इंफ्रास्ट्रक्चर और स्वास्थ्य सेवाओं जैसे मुद्दों को लेकर चुनाव मैदान में उतरेगी।
मीडिया से बातचीत में विज ने पश्चिम बंगाल में भाजपा की जीत को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यह जनता के भरोसे का संकेत है और अन्य दलों को पूरी तरह नकार दिया गया है। उन्होंने कहा कि देशभर में भाजपा की लहर है, जिसका असर पंजाब और निकाय चुनावों में भी देखने को मिलेगा।
विज ने विश्वास जताया कि पंजाब में भी भाजपा नया इतिहास रचेगी। आम आदमी पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हुए सात सांसदों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें मान्यता मिल चुकी है और वे चुनावों में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए विज ने कहा कि यह कोई संगठित राजनीतिक दल नहीं, बल्कि एक “जुगाड़” है, जिसकी न स्पष्ट विचारधारा है और न ही कोई ठोस कार्यक्रम।
उन्होंने कहा कि देश की जनता विकास, राष्ट्रीय सुरक्षा और जनकल्याण के मुद्दों पर भाजपा पर भरोसा जता रही है और यही पार्टी देश को आगे बढ़ाने में सक्षम है।
साथ ही भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए विज ने कहा कि कांग्रेस का प्रभाव लगातार खत्म हो रहा है और आने वाले समय में वह पूरी तरह राजनीतिक परिदृश्य से गायब हो जाएगी।