Summer express, गुरुग्राम। सेक्टर-34 स्थित औद्योगिक क्षेत्र में सोमवार सुबह उस समय हालात तनावपूर्ण हो गए, जब ‘विजन आरएक्स लैब’ के 500 से अधिक कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर सड़कों पर उतर आए। कर्मचारियों ने कंपनी प्रबंधन के खिलाफ विरोध जताते हुए कामकाज पूरी तरह बंद कर दिया और मुख्य गेट पर जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन का मुख्य कारण कर्मचारियों के लिए लागू ग्रेडिंग प्रणाली को लेकर असंतोष बताया जा रहा है। कर्मचारियों का कहना है कि उनके कार्य अनुभव के अनुरूप उन्हें उचित ग्रेड नहीं दिया जा रहा। उन्होंने मांग रखी है कि दो साल से अधिक अनुभव वाले कर्मचारियों को ‘सेमी-स्किल्ड’, पांच साल से अधिक अनुभव वालों को ‘स्किल्ड’ और दस साल से अधिक अनुभव रखने वालों को ‘हाई-स्किल्ड’ श्रेणी में शामिल किया जाए।
इसके अलावा, वेतन वृद्धि को लेकर भी कर्मचारियों में नाराजगी है। उनका आरोप है कि कंपनी द्वारा दिया जा रहा सालाना इंक्रीमेंट महंगाई के मुकाबले बेहद कम है। कर्मचारियों की मांग है कि वार्षिक वेतन वृद्धि कम से कम कुल वेतन का 10 प्रतिशत तय की जाए, ताकि बढ़ती महंगाई के बीच उन्हें राहत मिल सके।
हड़ताल पर बैठे कर्मचारियों ने नाइट शिफ्ट में काम करने वालों के लिए कैंटीन सुविधा उपलब्ध न होने पर भी रोष जताया। उनका कहना है कि लंबे समय से इस समस्या को उठाया जा रहा है, लेकिन प्रबंधन ने इस पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया।
स्थिति को देखते हुए मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे। फिलहाल कंपनी प्रबंधन की ओर से इस पूरे मामले पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। कर्मचारियों ने साफ कर दिया है कि जब तक उनकी मांगों को लेकर लिखित आश्वासन नहीं मिलता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।