Summer express/ऊना, राकेश -:ऊना जिले में नगर परिषद और नगर पंचायत चुनावों के तहत रविवार को मतदान शांतिपूर्ण ढंग से जारी रहा। सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। खासकर युवाओं और पहली बार मतदान करने वाले वोटरों में खासा उत्साह नजर आया। लोगों ने लोकतंत्र के इस पर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपने मताधिकार का प्रयोग किया।पहली बार वोट डालने पहुंचीं सुमन और हर्षिता ने मतदान के बाद खुशी जाहिर करते हुए कहा कि उन्हें पहली बार वोट डालकर गर्व महसूस हो रहा है। उन्होंने बताया कि उन्होंने विकास के मुद्दे को ध्यान में रखते हुए अपने मत का प्रयोग किया है। दोनों युवतियों ने कहा कि हर युवा को मतदान में बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए ताकि क्षेत्र का बेहतर भविष्य तय किया जा सके।
वहीं कई मतदाताओं ने प्रदेश में बढ़ते नशे के मामलों को लेकर चिंता जताई। वोटर लाड़ी ने कहा कि नशा लगातार युवाओं को अपनी गिरफ्त में ले रहा है और इसे रोकने के लिए मजबूत नेतृत्व की जरूरत है। उन्होंने कहा कि लोगों ने इस बार वोट के माध्यम से नशे के खिलाफ चोट करने का प्रयास किया है।चुनाव अधिकारियों ने बताया कि जिले में मतदान पूरी तरह शांतिपूर्ण तरीके से चल रहा है। अब तक किसी भी मतदान केंद्र से ईवीएम खराब होने या किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली है। प्रशासन द्वारा सुरक्षा और व्यवस्थाओं के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं ताकि मतदाता बिना किसी परेशानी के मतदान कर सकें।उधर, समर न्यूज़ हिमाचल की टीम ने भी विभिन्न मतदान केंद्रों का दौरा कर जमीनी हालात का जायजा लिया, जहां लोगों में लोकतंत्र के प्रति उत्साह साफ देखने को मिला।