Summer express/हमीरपुर, अरविंद -:हमीरपुर में नगर निकाय चुनावों के परिणाम आने के बाद प्रदेश की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता एवं हमीरपुर के विधायक आशीष शर्मा ने कांग्रेस सरकार और मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश सरकार पिछले साढ़े तीन वर्षों से केवल आंकड़ों का खेल दिखाकर जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि जमीनी स्तर पर विकास कार्यों की स्थिति बेहद कमजोर है, जबकि सरकार उपलब्धियों के बड़े-बड़े दावे कर रही है।
हमीरपुर के जंगलरोपा वार्ड में भाजपा प्रत्याशी सोनी शर्मा के समर्थन में जनसंपर्क अभियान चलाते हुए विधायक आशीष शर्मा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी नगर निकाय चुनावों में अपनी जीत को बढ़ा-चढ़ाकर पेश कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने स्वयं पहले यह बयान दिया था कि कांग्रेस पार्टी आधिकारिक तौर पर अपने उम्मीदवार मैदान में नहीं उतार रही है, ऐसे में अब चुनाव परिणामों को कांग्रेस की जीत बताना जनता को गुमराह करने जैसा है।
उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता कांग्रेस सरकार की नीतियों से निराश हो चुकी है और आने वाले समय में कांग्रेस का पूरी तरह सफाया होना तय है। विधायक ने कहा कि वर्तमान सरकार का कार्यकाल प्रदेश के इतिहास के सबसे कमजोर कार्यकालों में गिना जाएगा क्योंकि जनता महंगाई, बेरोजगारी और विकास कार्यों की धीमी रफ्तार से परेशान है।आजाद उम्मीदवारों की खरीद-फरोख्त के कांग्रेस नेताओं द्वारा लगाए जा रहे आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए आशीष शर्मा ने कहा कि कांग्रेस हर चुनाव के बाद इस प्रकार के आरोप लगाती रही है। उन्होंने कहा कि चाहे राज्यसभा चुनाव हों या अन्य चुनाव, कांग्रेस अपनी हार छिपाने के लिए ऐसे मुद्दे उठाती है। उन्होंने पलटवार करते हुए कहा कि प्रदेश में सत्ता कांग्रेस के पास है और यदि कहीं खरीद-फरोख्त हुई है तो उसकी जिम्मेदारी भी सरकार की ही बनती है।विधायक ने लोगों से आगामी जिला परिषद चुनावों में भी भाजपा प्रत्याशियों को समर्थन देने की अपील की।