Summer express, अंकुर कपूर, अंबाला। ऑनलाइन दवाओं की बिक्री के विरोध में बुधवार को देशभर के साथ-साथ अंबाला में भी केमिस्टों ने अपनी दुकानें बंद रखकर जोरदार प्रदर्शन किया। विभिन्न केमिस्ट एसोसिएशनों से जुड़े दवा विक्रेताओं ने ऑनलाइन फार्मेसी कंपनियों और इंटरनेट के जरिए दवाओं की बिक्री के खिलाफ नाराजगी जाहिर करते हुए सरकार से इस पर सख्त कार्रवाई की मांग की।
केमिस्टों का कहना है कि ऑफलाइन मेडिकल स्टोर संचालकों को सरकार के नियमों का सख्ती से पालन करना पड़ता है। किसी भी दवा की बिक्री डॉक्टर की प्रिस्क्रिप्शन के आधार पर ही की जाती है, जबकि ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर बिना पर्याप्त जांच के आसानी से दवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उनका आरोप है कि कई ऑनलाइन फार्मेसी वेबसाइटों से प्रतिबंधित दवाएं भी आसानी से खरीदी जा सकती हैं, जो लोगों की सेहत के लिए गंभीर खतरा बन सकता है।
दवा विक्रेताओं ने कहा कि ऑनलाइन दवा बिक्री के कारण पारंपरिक मेडिकल स्टोरों का कारोबार भी प्रभावित हो रहा है। उनका मानना है कि ऑफलाइन दुकानों पर जहां नियमों और निरीक्षण की सख्ती रहती है, वहीं ऑनलाइन दवा बिक्री पर प्रभावी निगरानी का अभाव दिखाई देता है।
अंबाला में हड़ताल के दौरान अधिकांश मेडिकल स्टोर बंद रहे। प्रदर्शन कर रहे केमिस्टों ने सरकार से मांग की कि लोगों की सुरक्षा और दवाओं के दुरुपयोग को रोकने के लिए ऑनलाइन दवा बिक्री पर तुरंत रोक लगाई जाए।
केमिस्ट एसोसिएशन के जॉइंट सेक्रेटरी दीपांशु अग्रवाल ने कहा कि बिना उचित नियंत्रण के ऑनलाइन दवाओं की बिक्री आम लोगों के लिए जानलेवा साबित हो सकती है। उन्होंने सरकार से इस मामले में जल्द ठोस नीति बनाने की अपील की।