Summer express/शिमला -:नगर परिषद् रोहड़ू चुनाव के दौरान लोकतांत्रिक प्रक्रिया को अधिक समावेशी और प्रेरणादायक बनाने के उद्देश्य से विशेष श्रेणी के मतदाताओं को सम्मानित करने की सराहनीय पहल की गई। पीठासीन अधिकारियों द्वारा वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों, प्रथम बार मतदान करने वाले मतदाताओं तथा अन्य विशेष श्रेणी के मतदाताओं को आभार पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर अधिकारियों ने लोकतंत्र को मजबूत बनाने में इन मतदाताओं की सक्रिय भागीदारी की प्रशंसा करते हुए उन्हें मतदान के प्रति जागरूकता और सहभागिता के लिए धन्यवाद दिया।
मतदान केंद्रों पर विशेष श्रेणी के मतदाताओं के लिए बेहतर व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की गई थीं, जिससे उन्हें मतदान प्रक्रिया में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। सम्मान प्राप्त करने वाले मतदाताओं ने भी इस पहल को सराहनीय बताते हुए प्रशासन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के सम्मान से मतदाताओं में उत्साह बढ़ता है और लोकतंत्र के प्रति विश्वास मजबूत होता है।
वहीं, रिटर्निंग अधिकारी (एमसी) एवं उपमंडलाधिकारी (नागरिक) रोहड़ू धर्मेश रामौत्रा ने मतदान प्रक्रिया के दौरान विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विशेष श्रेणी के मतदाताओं तथा महिला पोलिंग पार्टियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने मतदान कर्मियों द्वारा निभाई जा रही जिम्मेदारियों की सराहना करते हुए कहा कि निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने में सभी कर्मचारियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।उन्होंने मतदाताओं से लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक मत लोकतंत्र को सशक्त बनाने में अहम योगदान देता है। प्रशासन द्वारा मतदान प्रक्रिया को पारदर्शी, सुचारू और सुरक्षित बनाने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए गए हैं।