Summer express, अमृतसर। पंजाब में भीषण गर्मी के बीच वीरवार को चली धूलभरी हवाओं से तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई, लेकिन लोगों को गर्मी से खास राहत नहीं मिल सकी। मौसम विभाग ने शुक्रवार को राज्य के कई जिलों में लू, तेज हवाओं और आंधी-तूफान को लेकर अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में करीब 0.3 डिग्री सेल्सियस की कमी आई है, लेकिन तापमान अब भी सामान्य से लगभग 3.5 डिग्री अधिक बना हुआ है। विभाग ने आने वाले दिनों में फिर से तापमान बढ़ने की संभावना जताई है।
शुक्रवार के लिए पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, रूपनगर, एसएएस नगर और शहीद भगत सिंह नगर जिलों में तेज हवाएं, गरज-चमक और धूलभरी आंधी को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं फाजिल्का, मुक्तसर, बठिंडा, मानसा, संगरूर, फरीदकोट, फिरोजपुर और मोगा जिलों में लू को लेकर ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है।
प्रदेश में सबसे अधिक तापमान फरीदकोट में 45.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा पटियाला में 44.9 डिग्री, चंडीगढ़ में 44.2 डिग्री, बठिंडा में 43.5 डिग्री और लुधियाना में 43 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। वहीं अमृतसर में 41.5 डिग्री, पठानकोट में 42.4 डिग्री, होशियारपुर में 40.4 डिग्री और रूपनगर में 43.2 डिग्री तापमान दर्ज हुआ।
मौसम विभाग का अनुमान है कि 23 और 24 मई को भी मालवा क्षेत्र के अधिकांश जिलों में लू का असर जारी रहेगा। 24 मई से गर्मी और तेज होने के संकेत हैं, जिसके चलते अधिकांश जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
विशेषज्ञों का कहना है कि धूलभरी हवाओं के कारण तापमान में थोड़ी गिरावट जरूर आई है, लेकिन वातावरण में नमी की कमी और गर्म हवाओं के चलते गर्मी का असर लगातार बना रहेगा। लोगों को दोपहर के समय बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी गई है।