Summer express, सुन्दर कुंडू, पलवल। हरियाणा के खेल मंत्री गौरव गौतम ने आपसी विवाद में हथौड़ी से हुए जानलेवा हमले में घायल सिकंदर डागर का अस्पताल पहुंचकर हालचाल जाना। इस दौरान उन्होंने घटना की कड़ी निंदा करते हुए पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।
खेल मंत्री ने अस्पताल में डॉक्टरों से बातचीत कर घायल की स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने सिकंदर डागर के पिता खेमराज डागर से मुलाकात कर परिवार का हौसला बढ़ाया। गौरव गौतम ने कहा कि सरकार और प्रशासन पूरी तरह पीड़ित परिवार के साथ खड़े हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि मामले में पुलिस अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। वहीं अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। मंत्री ने कहा कि घटना में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और कानून के तहत कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
गौरव गौतम ने कहा कि पलवल जिले में अपराध और गुंडागर्दी को किसी भी कीमत पर सहन नहीं किया जाएगा। उन्होंने भरोसा जताया कि पुलिस प्रशासन की सख्ती से अपराध पर नियंत्रण होगा और आम लोगों को सुरक्षित माहौल मिलेगा।
इस दौरान खेल मंत्री ने लोगों से शांति और भाईचारा बनाए रखने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि इस मामले को राजनीति या जातिवाद का रूप नहीं दिया जाना चाहिए। यह कानून व्यवस्था और सामाजिक सौहार्द से जुड़ा मामला है, इसलिए सभी लोगों को संयम बनाए रखते हुए प्रशासन का सहयोग करना चाहिए।