Summer express/मंडी, धर्मवीर -:मंडी-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार देर रात एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया, जब लोहे का भारी सामान लेकर जा रहा एक ट्रक अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। राहत की बात यह रही कि चालक ने समय रहते ट्रक से छलांग लगाकर अपनी जान बचा ली। दुर्घटना में ट्रक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक नागालैंड पंजीकरण वाला ट्रक पठानकोट से लेह-लद्दाख की ओर जा रहा था। ट्रक में लोहे की चादरें और लगभग 15 टन वजन का अन्य सामान लदा हुआ था। शुक्रवार रात करीब 11 बजे जोगिंद्रनगर शहर से लगभग एक किलोमीटर दूर गुरुद्वारा और अप्रोच रोड के पास चढ़ाई चढ़ते समय अचानक ट्रक के पहिये रुक गए। इसके बाद वाहन पीछे की ओर लुढ़कने लगा।स्थिति को गंभीर होते देख चालक तुरंत ट्रक से नीचे कूद गया। उसने ट्रक को रोकने के लिए टायरों के नीचे पत्थर लगाने की कोशिश भी की, लेकिन अत्यधिक वजन होने के कारण वाहन पर नियंत्रण नहीं हो सका। देखते ही देखते ट्रक हाईवे की सुरक्षा रेलिंग तोड़कर गहरी खाई में जा गिरा और नीचे ऐतिहासिक पठानकोट-जोगिंद्रनगर रेल ट्रैक तक पहुंच गया।हादसे के दौरान ट्रक कई बार पलटा, जिससे उसके परखच्चे उड़ गए और सामान दूर-दूर तक बिखर गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।