Summer express, टोहाना। फतेहाबाद ब्रांच नहर में एक अज्ञात युवती का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। नहर में शव बहता देख राहगीरों ने तुरंत पुलिस और समाजसेवी नवजोत सिंह ढिल्लों को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद शव को नहर से बाहर निकाला गया।
पुलिस के अनुसार मृतक युवती की उम्र करीब 20 से 21 वर्ष के बीच बताई जा रही है। युवती ने सफेद रंग का टॉप और नीले रंग की पैंट पहन रखी थी। फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद शव को पहचान के लिए शवगृह में रखवा दिया है।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के क्षेत्र में लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। सिटी थाना प्रभारी ने बताया कि युवती की पहचान सुनिश्चित करने के लिए आसपास के थानों और गोताखोर टीमों को भी सूचना भेज दी गई है।
समाजसेवी नवजोत सिंह ढिल्लों ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी को युवती के बारे में कोई जानकारी हो तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि उसके परिजनों तक सूचना पहुंचाई जा सके।
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवती नहर में कैसे पहुंची और मामले के पीछे कोई हादसा है या अन्य कारण। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।