Summer express, सिरसा। सिरसा से कांग्रेस विधायक गोकुल सेतिया को देर रात व्हाट्सएप कॉल के जरिए धमकी मिलने का मामला सामने आया है। विधायक ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर घटना की जानकारी दी और शहर थाना प्रभारी पर समय पर फोन न उठाने का आरोप लगाया। मामले के बाद पुलिस जांच में जुट गई है।
विधायक गोकुल सेतिया के अनुसार देर रात 1:43 बजे से 1:47 बजे के बीच उन्हें लगातार कई कॉल आईं। कॉल करने वाले व्यक्ति ने कथित तौर पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए धमकी दी। उस समय विधायक चंडीगढ़ में मौजूद थे।
सेतिया ने बताया कि घटना के बाद उन्होंने रात करीब दो बजे शहर थाना प्रभारी से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उन्हें पुलिस की ओर से संतोषजनक प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने अपने फेसबुक अकाउंट पर पोस्ट डालकर पूरी घटना का जिक्र किया। हालांकि बाद में उन्होंने वह पोस्ट हटा दी।
सोशल मीडिया पोस्ट में विधायक ने लिखा था कि उन्हें फोन पर गालियां दी जा रही हैं और धमकाया जा रहा है। साथ ही उन्होंने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि इस तरह की हरकत करने वालों को जवाब दिया जाएगा।
पुलिस के अनुसार अभी तक विधायक की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है, लेकिन मामले की जांच शुरू कर दी गई है। शहर थाना प्रभारी बलराज ने बताया कि जिस नंबर से कॉल आई, उसकी आईडी गुरस्नित सिंह गिल के नाम पर दर्ज है और नंबर हरियाणा का बताया जा रहा है।
सूत्रों के मुताबिक कॉल करने वाला व्यक्ति विधायक का परिचित बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार उसने फोन पर कहा कि “हमने तुम्हें वोट दिया, क्या फायदा हुआ?” बताया जा रहा है कि संबंधित व्यक्ति पहले सिरसा के हुडा सेक्टर में रहता था और फिलहाल पंजाब में रह रहा है।पुलिस कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी पहलुओं की जांच कर रही है।