Summer express/शिमला, संजू -:युवाओं को नशे से दूर रखने और खेलों के प्रति आकर्षित करने के उद्देश्य से शिमला समर फेस्टिवल-2026 के दौरान पहली “एंटी चिट्टा अंडर-21 अंतर-जिला वॉलीबॉल चैंपियनशिप” आयोजित की जाएगी। इस प्रतियोगिता के लिए जिला स्तरीय चयन परीक्षण 05 जून 2026 को एम.सी. ग्राउंड संजौली में सुबह 10 बजे से शुरू होंगे। यह जानकारी अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (कानून एवं व्यवस्था) पंकज शर्मा ने दी।उन्होंने बताया कि चयन प्रक्रिया में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को अपनी जन्मतिथि का मूल प्रमाण पत्र और आधार कार्ड साथ लाना अनिवार्य होगा। प्रतियोगिता में केवल वही खिलाड़ी भाग लेने के पात्र होंगे जिनकी जन्मतिथि 01 जनवरी 2006 या उसके बाद की होगी।
चयन परीक्षण के माध्यम से जिला की तीन मजबूत वॉलीबॉल टीमें तैयार की जाएंगी,जो इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में शिमला का प्रतिनिधित्व करेंगी।प्रशासन का उद्देश्य खेलों के माध्यम से युवाओं को चिट्टा जैसे घातक नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना है।इसी सोच के साथ एंटी चिट्टा अभियान के अंतर्गत इस खेल प्रतियोगिता को विशेष रूप से आयोजित किया जा रहा हैअधिकारियों का मानना है कि खेल गतिविधियां युवाओं को सकारात्मक दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।प्रतियोगिता में विजेता टीम को 1 लाख रुपये, उपविजेता टीम को 50 हजार रुपये तथा तीसरे स्थान पर रहने वाली टीम को 25 हजार रुपये नकद पुरस्कार, ट्रॉफी और मेडल प्रदान किए जाएंगे।इसके अतिरिक्त क्वार्टरफाइनल तक पहुंचने वाली पांच टीमों को 20-20 हजार रुपये दिए जाएंगे। वहीं सर्वश्रेष्ठ अटैकर, ब्लॉकर, सैटर और लिबेरो खिलाड़ियों को 5-5 हजार रुपये और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया जाएगा। खिलाड़ियों के रहने, यात्रा और दैनिक भत्ते की व्यवस्था आयोजन समिति द्वारा की जाएगी।