Summer express, सिरसा। हरियाणा के सिरसा जिले के गांव बाजेकां में बिजली लाइन की मरम्मत के दौरान एचकेआरएन के तहत कार्यरत सहायक लाइनमैन (एएलएम) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के परिजनों और बिजली निगम के बीच मौत के कारण को लेकर अलग-अलग दावे सामने आए हैं। परिजन जहां करंट लगने से मौत होने का आरोप लगा रहे हैं, वहीं बिजली निगम इसे पोल से गिरने और संभावित हार्ट अटैक का मामला बता रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
जानकारी के अनुसार गांव बाजेकां निवासी विनोद शाम बेगू रोड क्षेत्र में बिजली लाइन की मरम्मत का कार्य कर रहा था। इसी दौरान वह बिजली के खंभे से नीचे गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने आरोप लगाया कि मरम्मत कार्य के दौरान लाइन में अचानक करंट आने से विनोद को जोरदार झटका लगा, जिसके कारण वह पोल से नीचे गिर पड़ा।
मृतक के स्वजनों का कहना है कि विनोद के हाथ जले हुए थे और उसके शरीर का रंग भी नीला पड़ गया था, जो करंट लगने की आशंका को मजबूत करता है। उनका आरोप है कि बिजली निगम मामले को दबाने के लिए मौत का कारण हार्ट अटैक बता रहा है। परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
घटना शाम की बताई जा रही है। देर रात परिजन शव को लेकर नागरिक अस्पताल पहुंचे, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू की गई। विनोद अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गया है। परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी भी उसी के कंधों पर थी।
गौरतलब है कि जिले में बिजली लाइन पर काम करते समय कर्मियों की मौत का यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले पांच मई को एचएसवीपी सेक्टर में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से दड़बी निवासी एएलएम अमनदीप की भी मौत हो गई थी। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने बिजली कर्मचारियों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।