Summer express, बीड (महाराष्ट्र)। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-UG) प्रश्नपत्र लीक मामले में गिरफ्तार मुख्य आरोपी प्रोफेसर पी.वी. कुलकर्णी से जुड़ी एक निर्माणाधीन इमारत के अवैध हिस्से पर प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए उसे ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई महाराष्ट्र के बीड जिले के शाहूनगर क्षेत्र में की गई, जहां भवन निर्माण नियमों के उल्लंघन की शिकायतें सामने आई थीं।
नगर परिषद अधिकारियों के अनुसार चार मंजिला इमारत का कुछ हिस्सा निर्धारित मानकों के विपरीत बनाया गया था। जांच में अनियमितताएं मिलने के बाद संबंधित ठेकेदार और भवन स्वामी को नोटिस जारी कर अवैध निर्माण हटाने के निर्देश दिए गए थे। निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बाद प्रशासन ने कार्रवाई शुरू की।
बीड नगर परिषद के मुख्य अधिकारी शैलेश फडसे ने बताया कि भवन के अनधिकृत हिस्से को हटाने के लिए पहले ही नोटिस दिया गया था। बाद में भवन मालिक की ओर से स्वेच्छा से अवैध निर्माण हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई, जिसकी निगरानी नगर निकाय के अधिकारी कर रहे हैं।
गौरतलब है कि लातूर निवासी प्रोफेसर पी.वी. कुलकर्णी रसायन विज्ञान के विशेषज्ञ रहे हैं और कई वर्षों तक नीट परीक्षा के प्रश्नपत्र तैयार करने वाली समिति से जुड़े रहे थे। केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने उन्हें पिछले महीने पुणे से गिरफ्तार किया था। उन पर NEET-UG प्रश्नपत्र लीक मामले में अहम भूमिका निभाने का आरोप है।
प्रशासन का कहना है कि भविष्य में यदि इस भवन के लिए किसी प्रकार की निर्माण अनुमति या नियमितीकरण का आवेदन किया जाता है तो मौके का भौतिक सत्यापन किया जाएगा। नियमों का पूर्ण पालन पाए जाने पर ही आगे की मंजूरी दी जाएगी।
उल्लेखनीय है कि CBI अब तक NEET-UG प्रश्नपत्र लीक मामले में 13 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है और मामले की जांच जारी है।