Summer express/चम्बा,मंजूर पठान -:चंबा जिले के दुर्गम चुराह विधानसभा क्षेत्र के लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर है। नागरिक अस्पताल तीसा में अब अल्ट्रासाउंड की सुविधा शुरू हो गई है। इस सुविधा के शुरू होने से क्षेत्र की करीब एक लाख आबादी को लाभ मिलेगा। खासकर गर्भवती महिलाओं और बुजुर्ग मरीजों को अब जांच के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी। पहले अल्ट्रासाउंड करवाने के लिए लोगों को 70 किलोमीटर दूर चंबा जाना पड़ता था, जिससे समय और धन दोनों की बर्बादी होती थी। अब यह सुविधा स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होने से मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी।
नागरिक अस्पताल तीसा में अल्ट्रासाउंड मशीन शुरू होने के साथ ही मरीजों को इसका लाभ मिलने लगा है। लंबे समय से क्षेत्र के लोग इस सुविधा की मांग कर रहे थे। पहले छोटी-छोटी स्वास्थ्य समस्याओं और गर्भावस्था संबंधी जांच के लिए भी मरीजों को चंबा का रुख करना पड़ता था। दूरदराज और पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण लोगों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता था। अब अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टर की तैनाती के बाद अल्ट्रासाउंड सेवाएं नियमित रूप से उपलब्ध करवाई जा रही हैं। इससे न केवल मरीजों की परेशानी कम होगी बल्कि समय पर जांच और उपचार भी सुनिश्चित हो सकेगा।