Summer express, अबू धाबी। संयुक्त अरब अमीरात के हवाई क्षेत्र में उड़ान भर रहे अमेरिकी वायु सेना के एक एफ-35 लड़ाकू विमान ने आपातकालीन स्थिति का संकेत देने वाला ‘7700’ कोड प्रसारित किया। फ्लाइट ट्रैकिंग डेटा के अनुसार यह कोड तब जारी किया जाता है, जब विमान किसी सामान्य आपात स्थिति का सामना कर रहा हो।
विमानन विशेषज्ञों के मुताबिक ‘7700’ स्क्वॉक कोड तकनीकी खराबी, इंजन में समस्या, आग लगने की आशंका, ईंधन की कमी या किसी अन्य गंभीर स्थिति के दौरान एयर ट्रैफिक कंट्रोल को सतर्क करने के लिए इस्तेमाल किया जाता है।
हालांकि, अमेरिकी वायु सेना की ओर से अभी तक आपात स्थिति के सटीक कारणों का खुलासा नहीं किया गया है। घटना के बाद लड़ाकू विमान को सुरक्षित रूप से अबू धाबी स्थित अल धफरा एयर बेस पर उतार लिया गया।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि विमान को किस प्रकार की समस्या का सामना करना पड़ा था। अधिकारियों की ओर से मामले की जांच और तकनीकी आकलन किए जाने की संभावना है।
एफ-35 दुनिया के सबसे आधुनिक और उन्नत लड़ाकू विमानों में शामिल है, ऐसे में उड़ान के दौरान इमरजेंसी कोड प्रसारित किए जाने की घटना ने सुरक्षा एजेंसियों और विमानन विशेषज्ञों का ध्यान आकर्षित किया है।