Summer express, गुरुग्राम | गुरुग्राम में रोडरेज की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। ताजा मामला राजीव चौक के पास सामने आया, जहां रास्ता न देने को लेकर स्कॉर्पियो सवार युवकों ने एक कार चालक के साथ मारपीट कर दी और उसकी गाड़ी में जमकर तोड़फोड़ की। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपी बीबीए के छात्र बताए जा रहे हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान फाजिलपुर गांव निवासी पार्थ और पारस के रूप में हुई है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो गाड़ी भी बरामद कर ली है।
जानकारी के अनुसार दिल्ली के सीआर पार्क निवासी अभिषेक चौधरी एक मीटिंग के सिलसिले में गुरुग्राम के सोहना रोड आए थे। काम खत्म करने के बाद जब वह अपनी कार से दिल्ली लौट रहे थे, तभी राजीव चौक के पास स्कॉर्पियो सवार दो युवक लगातार उनकी कार को ओवरटेक करने लगे। आरोप है कि साइड न देने पर दोनों युवक आक्रामक हो गए और बीच सड़क पर अभिषेक के साथ मारपीट शुरू कर दी।
इतना ही नहीं, आरोपियों ने उनकी विंडसर कार को भी नुकसान पहुंचाया। घटना के बाद पीड़ित ने नाहरपुर रूपा चौकी पुलिस को शिकायत दी, जिसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस टीम ने देर रात कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को फाजिलपुर इलाके से गिरफ्तार कर लिया। शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी बीबीए के छात्र हैं। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपियों का पहले भी किसी रोडरेज या आपराधिक गतिविधि से संबंध रहा है या नहीं।
शहर में बढ़ती रोडरेज की घटनाओं को लेकर लोगों में चिंता का माहौल है। पुलिस ने वाहन चालकों से संयम बरतने और किसी भी विवाद की स्थिति में कानून हाथ में न लेने की अपील की है।