Summer express, फरीदाबाद I बल्लभगढ़ विधानसभा क्षेत्र में मतदाता सूची से जुड़े कार्यों के लिए लगाए गए बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) की लापरवाही सामने आई है। मतदान केंद्र संख्या 191 से 201 तक बनाए गए 10 मतदान केंद्रों में से केवल मतदान केंद्र संख्या 198 पर ही बीएलओ मौजूद मिले, जबकि बाकी नौ केंद्रों पर तैनात बीएलओ का कोई पता नहीं था।
जानकारी के अनुसार, निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े फार्म जमा कराने पहुंचे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई मतदाता सुबह 9 बजे ही अपने कामकाज छोड़कर केंद्रों पर पहुंच गए थे, लेकिन सुबह करीब 10:15 बजे तक भी अधिकांश बीएलओ ड्यूटी पर नहीं पहुंचे थे।
बीएलओ सुपरवाइजर सुमित कुमार ने बताया कि अन्य बीएलओ भी जल्द ही अपने-अपने केंद्रों पर पहुंच जाएंगे। हालांकि, इससे पहले विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचन एवं पंजीयन अधिकारी तथा एसडीएम मयंक भारद्वाज ने शुक्रवार को आयोजित बैठक में सभी बीएलओ को सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक अपने निर्धारित बूथों पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए थे।
बीएलओ की अनुपस्थिति ने निर्वाचन विभाग के निर्देशों के पालन पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं, मतदान केंद्र पर मौजूद बीएलओ विनोद कुमार ने बताया कि केंद्रों पर मूलभूत सुविधाओं का भी अभाव है। उनके अनुसार, कई स्थानों पर न तो बैठने के लिए कुर्सियां उपलब्ध हैं और न ही मेज, जिसके कारण भीषण गर्मी में जमीन पर बैठकर काम करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों ने मांग की है कि निर्वाचन विभाग इस मामले का संज्ञान लेकर व्यवस्था में सुधार सुनिश्चित करे, ताकि मतदाताओं को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।