Summer express, सोलन I जिला सोलन के सुबाथू क्षेत्र में शनिवार को एक जर्जर मकान अचानक ढह जाने से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि, प्रशासन की समय रहते की गई कार्रवाई के चलते इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई और एक बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार, प्रशासन ने मकान की अत्यंत जर्जर स्थिति को देखते हुए पहले ही उसे खाली करवा दिया था। शनिवार को अचानक मकान भरभराकर गिर गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्र का जायजा लिया।
प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर आसपास रहने वाले लोगों को भी सतर्क रहने की सलाह दी है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे जर्जर और असुरक्षित भवनों से दूरी बनाए रखें तथा किसी भी संभावित खतरे या संदिग्ध स्थिति की सूचना तुरंत प्रशासन को दें।
प्रशासन का कहना है कि क्षेत्र में अन्य जर्जर भवनों की भी समीक्षा की जाएगी, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके।