Summer express, मंगलुरु | कर्नाटक के मंगलुरु में बुधवार तड़के भारी बारिश के बीच एक दर्दनाक हादसा हो गया। कंकनाडी थाना क्षेत्र के गरोड़ी इलाके में एक बड़ी दीवार अचानक ढह गई, जिसकी चपेट में पास के किराए के मकान आ गए। हादसे में दो बच्चों और एक महिला की मलबे में दबकर मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सुबह करीब 4:30 बजे तेज धमाके जैसी आवाज सुनाई दी, जिसके बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि दीवार गिरने के कारण आसपास के मकानों को भी भारी नुकसान पहुंचा और कई लोग मलबे में फंस गए।
घटना की सूचना मिलते ही राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) की टीम और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंच गया। बचाव दल ने तुरंत राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया और मलबे में फंसे लोगों को निकालने का प्रयास किया।
रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान कुछ बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला गया, लेकिन दो बच्चों और एक महिला को नहीं बचाया जा सका। हादसे में घायल महिला के पति को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती आशंका है कि लगातार हो रही भारी बारिश के चलते दीवार कमजोर हो गई थी, जिसके कारण यह हादसा हुआ।