लक्की भट्टी | लुधियाना
शहर के व्यस्त लाडोवाल चौक क्षेत्र में गुरुवार को उस समय बड़ा हादसा टल गया, जब नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) द्वारा सड़क किनारे खोदे गए एक गहरे गड्ढे में एक कार अचानक जा गिरी। हादसे के समय कार में पूरा परिवार सवार था, लेकिन राहत की बात यह रही कि सभी लोग सुरक्षित बच गए और किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।
कार चालक लाडोवाल चौक से गुजर रहा था। इसी दौरान सड़क पर चल रहे निर्माण कार्य के बीच खोदे गए गड्ढे का सही अंदाजा न लग पाने के कारण वाहन अनियंत्रित होकर उसमें जा गिरा। हादसा होते ही आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। घटना के बाद मौके पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य वाले क्षेत्र में पर्याप्त सुरक्षा प्रबंध और चेतावनी संकेत नहीं लगाए गए थे, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
लोगों ने संबंधित विभाग से निर्माण स्थलों पर सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करवाने की मांग की। सूचना मिलने पर पुलिस और संबंधित विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे तथा स्थिति का जायजा लिया। बाद में क्रेन की सहायता से कार को गड्ढे से बाहर निकाला गया। यदि वाहन की रफ्तार अधिक होती तो हादसा गंभीर रूप ले सकता था। उन्होंने प्रशासन और एनएचएआई से मांग की है कि निर्माण कार्य वाले स्थानों पर उचित बैरिकेडिंग, रिफ्लेक्टर और चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं।