Summer express, फतेहाबाद। फतेहाबाद जिले में गुरुवार देर रात हथियारों से लैस तीन बदमाशों ने दो शराब ठेकों को निशाना बनाते हुए दहशत फैला दी। आरोपियों ने टोहाना क्षेत्र के गांव रूपांवाली और रतिया इलाके के गांव घासवा स्थित शराब ठेकों पर फायरिंग, मारपीट और लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया। इस दौरान घासवा ठेके पर मौजूद सेल्समैन और उसका भाई गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार गांव घासवा स्थित शराब ठेके पर रात करीब 11 बजे तीन नकाबपोश युवक पहुंचे। तीनों के हाथों में हथियार थे, जिनमें देसी पिस्तौल, गंडासा और तलवार शामिल थी। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जबरन ठेके का दरवाजा खुलवाया और अंदर घुसते ही दहशत फैलानी शुरू कर दी।
पीड़ित मुकेश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बदमाशों ने आते ही दो राउंड फायरिंग की। इसके बाद एक आरोपी ने गंडासे से उसके भाई रणजीत सिंह पर लगातार कई वार किए, जिससे उसकी कलाई गंभीर रूप से कट गई। बीच-बचाव करने पर मुकेश को भी चोटें आईं। वारदात के बाद आरोपी ठेके के गल्ले से करीब 30 से 40 हजार रुपए की नकदी लूटकर फरार हो गए। घायल रणजीत को पहले रतिया के नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
इसी दौरान बदमाशों ने गांव रूपांवाली स्थित शराब ठेके पर भी धावा बोला। यहां आरोपियों ने सेल्समैन हरि यादव की कनपटी पर पिस्तौल तानकर जान से मारने की धमकी दी और गल्ले से करीब 14 से 15 हजार रुपए की नकदी व एक पेटी देशी शराब लूट ली।
रतिया सदर थाना प्रभारी शीशपाल सिंह ने बताया कि पुलिस ने दोनों मामलों में केस दर्ज कर लिया है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।