अशवनी पाहवा | लुधियाना
लुधियाना के ऋषि नगर स्थित छोटी हैबोवाल इलाके में वीरवार देर शाम 7-8 हथियारबंद युवकों ने एक घर में घुसकर राहुल कुमार पर हमला कर दिया। पीड़ित परिवार का आरोप है कि हमलावर दातर और रिवॉल्वर से लैस थे। उन्होंने राहुल से मारपीट की, उसका मोबाइल छीन लिया और बंदूक के बल पर उसका जबरन वीडियो बनाया। आरोप है कि वारदात के दौरान आरोपी जेल में बंद गैंगस्टर मोविश को वीडियो कॉल कर पूरी घटना दिखा रहे थे।
बीच-बचाव करने पहुंचे राहुल के पिता बग्गा लाल से भी मारपीट की गई और घर में तोड़फोड़ की गई। गंभीर रूप से घायल राहुल को डीएमसी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पीड़ित परिवार ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है तथा आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।