Summer express, तरनतारन I पंजाब के तरनतारन जिले के खडूर साहिब विधानसभा क्षेत्र स्थित गांव नौरंगाबाद में देर रात पूर्व सैनिक के घर सशस्त्र लुटेरों ने बड़ी डकैती की वारदात को अंजाम दिया। तीन बदमाश घर की दीवार फांदकर अंदर घुसे और मां-बेटी को बंधक बनाकर करीब डेढ़ घंटे तक घर में लूटपाट करते रहे। आरोपी लाखों रुपये के सोने के गहने, नकदी, बुलेट बाइक समेत अन्य कीमती सामान लूटकर फरार हो गए। जाते समय वे घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर भी अपने साथ ले गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, गांव नौरंगाबाद निवासी बलदेव सिंह करीब दो महीने पहले भारतीय सेना से सेवानिवृत्त हुए थे। घटना के समय वह किसी घरेलू काम से घर से बाहर गए हुए थे। घर में उनकी पत्नी बलजिंदर कौर, विवाहित बेटी अनमोलदीप कौर और पांच वर्षीय नातिन मौजूद थीं। रात करीब साढ़े नौ बजे तीनों खाना खाने के बाद एक कमरे में सो गए थे।
रात करीब 11 बजे तीन लुटेरे घर की बाहरी दीवार फांदकर अंदर दाखिल हुए और पहले रसोई में छिप गए। कुछ देर बाद जब बलजिंदर कौर पानी लेने के लिए कमरे से बाहर निकलीं तो बदमाशों ने उन्हें दबोच लिया और कमरे में ले जाकर उनकी बेटी के साथ बांध दिया। पीड़ित परिवार के अनुसार, आरोपियों ने बलदेव सिंह की पगड़ी का इस्तेमाल कर मां-बेटी के हाथ-पैर बांधे। इस दौरान पांच वर्षीय बच्ची डर के कारण लगातार रोती रही।
करीब डेढ़ घंटे तक बदमाशों ने घर के सभी कमरों की तलाशी ली और अलमारी में रखे करीब 30 तोले सोने के गहने, लगभग सवा लाख रुपये की नकदी, बुलेट मोटरसाइकिल, तीन मोबाइल फोन, महंगी घड़ियां, रसोई में रखा गैस चूल्हा और सीसीटीवी सिस्टम की डीवीआर लूट ली। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
सुबह घटना की सूचना मिलते ही थाना सदर पुलिस मौके पर पहुंची। एएसआई इंद्रजीत सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। डीएसपी हरिंदर सिंह ने बताया कि पूर्व सैनिक बलदेव सिंह के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और आरोपियों की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज तथा अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद ली जा रही है। पुलिस का दावा है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।