Summer express, मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में 22 वर्षीय विवाहिता द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना गोहर उपमंडल की देवधार पंचायत के तनेली गांव की है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी।
मृतका की पहचान भूपेंद्र कुमारी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, घटना के समय वह घर में अकेली थी। उसका पति यशपाल दिहाड़ी-मजदूरी के सिलसिले में लाहुल क्षेत्र गया हुआ था, जबकि सास भी किसी निजी काम से घर से बाहर थी।
बताया जा रहा है कि जब सास और परिवार के अन्य सदस्य वापस घर लौटे तो भूपेंद्र कुमारी कमरे में फंदे से लटकी मिली। परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया है। मामले की जांच के तहत पुलिस ने मृतका के मायके पक्ष के लोगों को भी मौके पर बुलाकर उनके बयान दर्ज किए।
पुलिस के अनुसार, मायके पक्ष ने फिलहाल किसी पर संदेह नहीं जताया है। आत्महत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।