Summer express, जसवां प्रागपुर। राकेश शर्मा। भाजपा जसवां प्रागपुर मंडल की ओर से रविवार को चिंतपूर्णी के समीप गंगोट पंचायत के मोइन स्थित एक निजी पैलेस में कारगिल विजय दिवस और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जसवां प्रागपुर के विधायक एवं पूर्व उद्योग मंत्री विक्रम सिंह ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इस अवसर पर देश की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। साथ ही क्षेत्र के पूर्व सैनिकों और वीर नारियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में 500 से अधिक पूर्व सैनिकों और स्थानीय लोगों ने पंजीकरण कराया।
मीडिया से बातचीत में विधायक विक्रम सिंह ठाकुर ने कहा कि जसवां प्रागपुर में कारगिल विजय दिवस का कार्यक्रम उत्साह और गरिमापूर्ण माहौल में आयोजित किया गया। उन्होंने बताया कि पूर्व सैनिकों, कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने एक साथ बैठकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को भी सुना।
विधायक ने कहा कि इस तरह के आयोजनों से कार्यकर्ताओं और पूर्व सैनिकों के बीच उत्साह बढ़ता है। इससे वे देश और संगठन के प्रति और अधिक जोश एवं समर्पण के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित होते हैं।