Summer express, गुरुग्राम। गुरुग्राम के फरुखनगर थाना क्षेत्र में 57 वर्षीय चौकीदार जयपाल की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वाहन पीछे करते समय हुए मामूली विवाद ने इतना गंभीर रूप ले लिया कि आरोपी ने गमछे से गला घोंटकर जयपाल की हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी अपने साथी के साथ शव को फरुखनगर-वजीरपुर रोड किनारे फेंककर फरार हो गए थे।
पुलिस के अनुसार, मोहम्मदपुर गांव निवासी जयपाल के बेटे ने फरुखनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि उसके पिता रात चौकीदारी के लिए गए थे, लेकिन अगली सुबह घर नहीं लौटे। काफी तलाश के बावजूद उनका कोई पता नहीं चला। इसी दिन फरुखनगर-वजीरपुर रोड पर उनका शव बरामद हुआ। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने मामले में हत्या की धाराएं जोड़कर जांच तेज कर दी।
मामले की जांच अपराध शाखा फरुखनगर को सौंपी गई। जांच के दौरान पुलिस ने केएमपी फ्लाईओवर के नीचे से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनकी पहचान मोहम्मदपुर निवासी कमल और उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले के अबुतलीवपुर गांव निवासी हरिशंकर के रूप में हुई है। दोनों की उम्र करीब 26 वर्ष बताई जा रही है।
पुलिस पूछताछ में मुख्य आरोपी कमल ने बताया कि वह वाहन चालक है। 19 जुलाई की रात वह कंपनी के पास गाड़ी पीछे कर रहा था, तभी वाहन जयपाल से टकरा गया। इस बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। गुस्से में आकर उसने पहले जयपाल पर डंडे से हमला किया और किसी को घटना की जानकारी न देने की धमकी दी।
पूछताछ में यह भी सामने आया कि इसके बाद दोनों शराब खरीदने के लिए ठेके की ओर गए, लेकिन ठेका बंद मिला। लौटते समय दोनों के बीच एक बार फिर विवाद हो गया। इसी दौरान कमल ने गमछे से जयपाल का गला घोंटकर उनकी हत्या कर दी।
हत्या के बाद कमल ने अपने साथी हरिशंकर को मौके पर बुलाया। दोनों ने मिलकर शव को फरुखनगर-वजीरपुर रोड किनारे फेंक दिया और वहां से फरार हो गए। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और जांच के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की पूछताछ जारी है और आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेकर घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जाएगी।