Summer express, करनाल। हरियाणा के करनाल जिले के फूसगढ़ क्षेत्र में एक निजी अस्पताल में कार्यरत 24 वर्षीय नर्स ने कथित तौर पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, एफएसएल टीम ने भी मौके से साक्ष्य एकत्र किए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, फूसगढ़ निवासी चांदनी एक निजी अस्पताल में नर्स के रूप में कार्यरत थी। घटना के समय वह घर में अकेली थी। जब उसकी मां घर लौटी तो उसने चांदनी को फंदे से लटका देखा। यह दृश्य देखकर वह घबरा गई और शोर मचाकर अन्य परिजनों को मौके पर बुलाया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही सेक्टर-32/33 थाना पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आत्महत्या से पहले युवती की अपने मंगेतर से वीडियो कॉल पर बातचीत हुई थी। बताया जा रहा है कि उसका मंगेतर इटली में रहता है और दोनों की शादी करीब तीन महीने बाद होने वाली थी।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वीडियो कॉल के दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। परिजनों का आरोप है कि बातचीत के दौरान मंगेतर ने शादी करने से इनकार कर दिया, जिससे चांदनी मानसिक रूप से आहत हो गई और उसने यह कदम उठा लिया। हालांकि, पुलिस ने अभी इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। मोबाइल फोन, कॉल रिकॉर्ड और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की भी जांच की जाएगी। जांच पूरी होने के बाद ही आत्महत्या के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।