Summer express/बिलासपुर, सुभाष-: जिला बिलासपुर के प्रसिद्ध शक्तिपीठ श्री नैना देवी क्षेत्र में मंगलवार सुबह हुई मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया। लगातार तेज वर्षा के कारण श्री नैना देवी-बिलासपुर मार्ग पर कैंची मोड़ के समीप कलर क्षेत्र में भूस्खलन होने से सड़क पूरी तरह अवरुद्ध हो गई। सड़क बंद होने के कारण माता के दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं को बीच रास्ते में ही रुकना पड़ा और उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
बारिश के चलते केवल भूस्खलन ही नहीं हुआ, बल्कि श्री नैना देवी मंदिर की ओर जाने वाले कई संपर्क मार्गों पर जलभराव की स्थिति भी बन गई। इससे वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और स्थानीय लोगों के साथ-साथ यात्रियों को भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। मौसम में आए अचानक बदलाव ने पूरे क्षेत्र में सामान्य जनजीवन को प्रभावित कर दिया।घटना की सूचना मिलते ही लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) हरकत में आ गया। विभाग के सहायक अभियंता अच्छर सिंह ने तुरंत कार्रवाई करते हुए जेसीबी मशीन और श्रमिकों की टीम को मौके पर रवाना किया। विभाग द्वारा सड़क से मलबा हटाने का कार्य युद्धस्तर पर शुरू कर दिया गया है ताकि मार्ग को जल्द से जल्द यातायात के लिए बहाल किया जा सके।प्रशासन ने श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें तथा यात्रा पर निकलने से पहले मार्ग की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त करें। मौसम विभाग द्वारा आगामी घंटों में भी बारिश की संभावना जताई गई है, जिसके मद्देनजर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और राहत एवं बहाली कार्य तेजी से जारी है।